काशीपुर रोड पर गड्ढों के चलते संतुलन बिगड़ने से विक्रम (टेंपो) पलट गया जिससे उसमें सवार पांचवी के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसमें सवार पांच अन्य बच्चे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद विक्रम चालक फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया। साथ ही हादसे में मारे गए छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद छात्र के घर में कोहराम मचा हुआ है।
ग्राम मोहनपुर स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय से सपनों की उड़ान कार्यक्रम में भाग लेने के लिए मंगलवार को करीब एक दर्जन बच्चे विक्रम (यूए-06-सीए-0946) टेंपो से खानपुर जा रहे थे। सभी बच्चे पांचवीं, छठी और सातवीं कक्षा के थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही विक्रम धौलपुर में पहुंचा तो सड़क पर बने गड्ढों में अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे उसमें सवार पांचवीं के छात्र मोहनपुर नंबर दो निवासी रोहित सरकार (10) पुत्र शेखर सरकार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसमें सवार अन्य बच्चे घायल हो गए। इस दौरान चालक मौके से फरार हो गया। विक्रम पलटने के बाद उसमें फंसे बच्चों का शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को भी घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से शिवानी पुत्री रमेश निवासी महेशपुर, ईशा विश्वास पुत्री शिव शंकर निवासी मोहनपुर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जबकि जयदेव पुत्र भदर निवासी मोहनपुर, उपासना पुत्री कमल सिंह और सुहानी पुत्री सुशांत निवासी मोहनपुर को काशीपुर रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर विधायक राजकुमार ठुकराल, मुख्य शिक्षा अधिकारी डा. नीता तिवारी और उप खंड शिक्षा अधिकारी सुलोहिता नेगी ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों का हाल जाना।