रोजगार की तलाश में पिथौरागढ़ से दिल्ली के लिए चले एक युवक ने रुद्रपुर में पेड़ से लटककर खुदकुशी कर ली। युवक की जेब में मिले आधार कार्ड से पुलिस ने उसकी शिनाख्त की। मृतक के परिजनों के अनुसार दो दिन पूर्व वह रोजगार की तलाश में दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नैनीताल रोड स्थित आहुजा धर्मशाला के पास शुक्रवार सुबह जामुन के पेड़ पर एक युवक का शव लटका होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। तलाशी में उसकी जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त राजेंद्र सिंह मेेहता (40) पुत्र हयात सिंह मेहता निवासी ग्राम कुंचा तहसील बिसाड़ थाना पिथौरागढ़ के रूप में हुई।
छानबीन के बाद पुलिस ने राजेंद्र के गंगापुर रोड स्थित फुलसुंगी में रहने वाले उसके रिश्तेदारों से संपर्क किया। रिश्तेदारों ने बताया कि राजेंद्र लंबे समय से बेरोजगार था और बीती 17 अक्तूबर को वह परिवार वालों से दिल्ली में रोजगार तलाशने की बात कहकर घर से निकला था। मौके पर पहुंचे आदर्श कॉलोनी चौकी प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक परिजन नहीं पहुंचे थे।