काशीपुर। एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में सात माह बाद भी फिजिशियन डॉ. कीर्ति ने कार्य भार ग्रहण नहीं किया। इससे मरीजों को निजी अस्पतालों में जांच करानी पड़ रही है। सीएमएस डॉ. संदीप दीक्षित का कहना है कि यदि वह अस्पताल में ज्वाइनिंग नहीं लेती हैं तो अन्य चिकित्सक की तैनाती की जाएगी।
काशीपुर उप जिला अस्पताल में डेढ़ दशक पूर्व फिजिशियन डॉ. गीता रावत के निधन के बाद से पद रिक्त चल रहा है। बार-बार प्रयास के बाद भी यह पद नहीं भरा जा सका। पिछले वर्ष जून में शासन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रदेश भर में चिकित्सकों के स्थानांतरण किए गए थे। इनमें से सात चिकित्सकों की काशीपुर अस्पताल में तैनाती दी गई थी जिसमें चंपावत से फिजिशियन डॉ. कीर्ति का स्थानांतरण काशीपुर सरकारी अस्पताल के लिए किया गया था।
इससे क्षेत्र के मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद थी लेकिन सात महीने बाद भी उन्होंने अस्पताल में तैनाती नहीं ली है। इस कारण से मरीज अस्पताल से बैरंग लौट रहे हैं और निजी अस्पताल में महंगा इलाज कराने के लिए मजबूर हैं।
कोट:
फिजिशियन डॉ. कीर्ति मैटरनिटी लीव पर हैं। यह लीव छह महीने के लिए होती है। शीघ्र ज्वाइन नहीं करने पर विभाग की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। - डॉ. केके अग्रवाल, सीएमओ, ऊधमसिंह नगर