रुद्रपुर। यूके बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी इस बार सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जा सकती हैं। पहले केवल मुख्य परीक्षाएं ही सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होती थीं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक की ओर से सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को विद्यालय में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में इस बार बोर्ड ने 110 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इनमें हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 39924 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। दिसंबर में बोर्ड की ओर से केंद्रों की फाइनल सूची जारी की जा चुकी है। 16 जनवरी से 20 फरवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जानी हैं। इस साल यह परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की देखरेख में होंगी।
सीईओ केएस रावत ने बताया कि स्कूल की पूरी गतिविधि कंट्रोल रूम की स्क्रीन पर देखी जा सकेगी। अब तक सिर्फ मुख्य परीक्षाओं की निगरानी ही कंट्रोल रूम से होती थी और प्रयोगात्मक परीक्षाओं के समय वहां से वीडियो मंगाए जाते थे। स्कूल संचालक प्रयोगात्मक परीक्षा के दौरान खुद वीडियो बनाकर भेजते थे। इस बार सीधे कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी। कहा कि सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश हैं कि परीक्षा से पहले उनके यहां के सभी सीसीटीवी कैमरे और वायस रिकॉर्डर क्रियाशील रहें।