रुद्रपुर के ऊर्जा निगम कार्यालय में धरना देते कांग्रेसी।
- फोटो : RUDRAPUR
मलिक कॉलोनी में ऊर्जा निगम की ओर से हो रही अघोषित बिजली कटौती पर कांग्रेसी पार्षदों का पारा चढ़ गया। उन्होंने कार्यालय में पहुंच धरना-प्रदर्शन कर इंजीनियर को ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि बिजली कटौती नहीं रुकी तो उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
मंगलवार को कांग्रेस पार्षद सुनीता मुंजाल के नेतृत्व में कई कांग्रेसी पार्षद और नेता ऊर्जा निगम कार्यालय में पहुंचे और प्रदर्शन किया। इंजीनियर को दिए ज्ञापन उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 31 मलिक कॉलोनी एलाइंस में लगातार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। नगर निगम क्षेत्र में होने के बावजूद कॉलोनी को ग्रामीण क्षेत्रों की तरह बिजली सप्लाई दी जा रही है।
बिजली नहीं होने से लोगों के रोजमर्रा के कई काम प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने जर्जर बिजली के तारों को बदलने, नए ट्रांसफार्मर लगाने और पुराने खंभों को बदलने की मांग की। वहां पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप चीमा, प्रदेश सचिव नंदलाल, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जुनेजा, राजीव कामरा, रमेश कालरा, सचिन मुंजाल, मोहन कुमार, राजेंद्र राठौर आदि थे।