कोरोना काल चार माह बाद हुई नगर निगम बोर्ड की बैठक में कर निर्धारण में सही मापदंड न अपनाने पर हंगामा हुआ। पार्षदों ने कहा कि कई बड़े वाणिज्यिक संस्थानों का कर निर्धारण जानबूझ कर कम किया गया है। बैठक में गरीब बस्तियों से कूड़ा एकत्र न करने का आरोप भी लगाया गया।
मंगलवार को मेयर ऊषा चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्षदों ने कर निर्धारण के मानकों पर सवाल उठाए। कर अधीक्षक संजय मेहरोत्रा ने बताया कि अभी तक बड़े वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के 173 लाइसेंस बन चुके हैं। बैठक में इन प्रतिष्ठानों पर आरोपित कर के बारे में भी जानकारी दी गई। पार्षद दीपक कांडपाल ने कर निर्धारण के आधार के बारे में पूछा तो निगम के अधिकारी कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए।
नगर आयुक्त आकांक्षा वर्मा ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिकारियों को कर निर्धारण के बारे में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। पार्षद मनोज जग्गा ने दाखिल खारिज पर दो प्रतिशत टैक्स समाप्त करने मांग की। पार्षद राजू सेठी ने कर निर्धारण दैनिक वेतनभोगी कर्मियों से कराने का आरोप लगाया। पार्षद सादिक हुसैन ने पार्षदों के सम्मान का मुद्दा उठाया।
पार्षद फिरोज हुसैन ने कहा कि निगम के कर्मी पार्षदों के सुझावों पर कोई गौर नहीं करते। पार्षद कुलवंत सिंह ने घर-घर से कूड़ा उठाने वाले ठेकेदार पर कुछ क्षेत्रों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि मलिन बस्तियों से यूजर चार्ज वसूला जाता है लेकिन वहां से कूड़ा नहीं उठाया जाता। पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक की मांग पर एमपी चौक पर 180 फुट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने के लिए टेंडर स्वीकृत हो जाने की जानकारी दी गई। बैठक में एसएनए आलोक उनियाल, वरिष्ठ वित्त अधिकारी जुनैद अहमद, विकास शर्मा, अनुपमा भट्ट, मनीषा गोस्वामी आदि मौजूद थे।
33.56 लाख के लाभ का बजट पारित
किच्छा। नगरपालिका चेयरमैन दर्शन कोली की अध्यक्षता में मंगलवार को पालिका बोर्ड की बैठक हुई। बैठक में 33.56 लाख रुपये के लाभ का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस दौरान निकाय क्षेत्र में पेयजल, बिजली, राशन कार्ड, जलनिकासी आदि समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रत्येक विभाग के साथ बैठक कर लोगों की समस्या के निदान करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
निकाय को प्राप्त 15वें वित्त अनुदान से पेयजल निर्माण निगम से पालिका में शामिल किए गए नए सिरौली क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के लिए ट्यूबवेल निर्माण व पाइपलाइन बिछाने का काम कराने और जल संरक्षण के लिए पुनर्जीवित किए गए तालाबों के सौंदर्यीकरण करने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में सभासद सुरेश कोली को श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में सभासद रणजीत सिंह नगरकोटी, लियाकत अली, हसीब अहमद, राजकुमार, सिमरनजीत कौर, पुष्कर रौतेला, फिरासत खान, शशिबाला आदि थे। (संवाद)