सड़क किनारे नाला खोदकर खेत का पानी गंगापुर रोड स्थित केसरी विहार कालोनी में डाले जाने के खिलाफ लोगों ने एक व्यक्ति के खिलाफ डीएम से शिकायत की। डीएम ने मामले को गंभीरता से देखते हुए एसडीएम सदर और तहसीलदार को मौके पर भेजकर मुआयना करवाया।
उन्होंने कालोनीवासियों को जल्द ही समस्या के प्रभावी निस्तारण का भरोसा दिया। कालोनी वासियों का कहना था कि एक अराजक व्यक्ति का खेत बारिश के दिनों में पानी से भर जाता है। खेत के चारों तरफ पानी की निकासी का जरिया नहीं है । इसके चलते आरोपी ने जेसीबी से सड़क के किनारे नाला खोदकर खेत के पानी की निकासी शुरू कर दी।
इससे कालोनी में भीषण जलभराव हो गया । इसके बाद लोगों का घर से निकलना दुभर हो गया है। इससे गुस्साये कालोनी वासियों ने बुधवार को डीएम आवास पहुंचकर भेट की। उन्होंने समस्या के तत्कालिक हल की मांग की।
डीएम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीएम सदर और तहसीलदार को मौके पर भेजकर स्थलीय निरीक्षण कराया साथ ही कालोनीवासियों को समस्या के हल का आश्वासन दिया। डीएम से मिलने वालों में राजकुमार यादव, मनोज कुमार, विकास कुमार, नन्हे, केके यादव, बाबू लाल, रमेश पाल, विपिन कुमार, राकेश चौहान, सरोज देवी आदि शामिल रहे।