रुद्रपुर। रंपुरा बस्ती में बढ़ते कच्ची शराब के कारोबार के खिलाफ रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने काली मंदिर परिसर में एकत्र पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए धरना शुरू कर दिया।
लोगों का आरोप था कि खुलेआम कच्ची शराब बेची जा रही है लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई के बजाय आंखें मूंदे बैठे हैं। कई दिनों से वार्ड में सुबह से देर शाम तक मुख्य सड़क किनारे कच्ची शराब की बिक्री हो रही है। आरोप लगाया गया कि कई बार मौखिक और लिखित शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।
धरने की सूचना पर आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह और रंपुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही संयुक्त अभियान चलाकर शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अपराधियों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की बात भी कही गई।
धरने में ओबीसी भाजपा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नेत्र पाल मौर्य, आईटी संयोजक योगेश वर्मा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।