दिनेशपुर। नगर के सार्वजनिक स्थलों और यात्री वाहन स्टैंड पर शौचालय नहीं होने से दुकानदारों, आम लोगों के साथ राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने नगर पंचायत प्रशासन से बाजार में सुलभ शौचालय बनाने की मांग की है।
नगर के मुख्य बाजार, जाफरपुर मार्ग स्थित टेम्पो, थ्री व्हीलर स्टैंड, मटकोटा- गूलरभोज मार्ग, गदरपुर मार्ग पर टेंपो स्टैंड के साथ ही मुख्य चौराहे के आसपास कहीं भी सार्वजनिक शौचालय नहीं है। ऐसे में महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। व्यापारियों के साथ ही यात्री वाहन चालक लंबे समय से सार्वजनिक स्थल पर सुलभ शौचालय बनाने की मांग करते आ रहे हैं, मगर नगर पंचायत की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
देवभूमि व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश नारंग, समाजसेविका आनंदिता सरकार ने बताया कि लोगों की परेशानी को देखते हुए मुख्य चौराहे के साथ सार्वजनिक शौचालय का निर्माण होना चाहिए। ईओ नगर पंचायत दीपक शर्मा ने बताया कि मुख्य चौराहे और टेंपो स्टैंड के आसपास जगह की तलाश की जा रही है। जगह मिलते ही शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। संवाद