रुद्रपुर। नवाबगंज से मरीज को लेकर रुद्रपुर आ रही कार में काशीपुर रोड पर आग लग गई। आग से कार जल गई। समय रहते कार सवारों के बाहर निकल आने से जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। घटना के समय कार में एक बीमार महिला समेत पांच लोग सवार थे।
रविवार को नवाबगंज (गदरपुर) निवासी योगेश सिंह कार (यूके 04 यू 7838) से अपनी बीमार मां प्रवेश देवी (52) को जिला मुख्यालय के निजी अस्पताल ला रहे थे। कार में उनके भाई नरेंद्र सिंह, कृष्णा सिंह और अनिल कुमार सवार थे।
कार काशीपुर रोड पर रिंग रोड के निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास पहुंची ही थी कि अचानक इंजन से धुआं निकलने लगा। कार चला रहे अनिल सिंह कार रोक पाते, उससे पहले ही इंजन में आग लग गई। आग लगने से लोगों में खलबली मच गई। राह गुजरते लोगों की मदद से कार के दरवाजे खोलकर सवार लोगों को बाहर निकाला गया। कार में सवार लोगों के बाहर निकलते ही जोरदार धमाके के साथ कार आग का गोला बन गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों का जमघट लगने से जाम लग गया।