रुद्रपुर। नगर के वार्ड नंबर एक फुलसुंगा में वर्षों से परेशानी का सबब बने तीन पानी डैम का जल्द जीर्णोद्धार होने जा रहा है। महापौर विकास शर्मा ने दिल्ली से ड्रेनेज सिस्टम का सर्वे करने आई टीम, नगर निगम और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ तीन पानी डैम और आसपास के इलाकों का निरीक्षण कर सर्वे रिपोर्ट तैयार की। महापौर ने अधिकारियों को जलभराव की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए व्यापक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
तीन पानी डैम पर बरसात के दिनों में जलभराव होने के कारण जहां आवागमन बाधित होता है। आसपास की कई कॉलोनियों में भी पानी भरने के कारण लोगों को दिक्कतें होती हैं। लंबे समय से लोग तीन पानी डैम का चौड़ीकरण करने और नालों की सफाई की मांग कर रहे थे। पिछले दिनों वार्ड के पार्षद पवन राणा ने यह मामला नगर निगम बोर्ड की बैठक में भी उठाया था। शनिवार को महापौर विकास शर्मा ने दिल्ली से ड्रेनेज सिस्टम का सर्वे करने आई टीम के साथ बैठक की। इस दौरान सर्वे टीम के बनाए जा रहे ड्रेनेज सिस्टम के ड्राफ्ट में कई खामियां नजर आईं।
उन्होंने दिल्ली की सर्वे टीम, सिंचाई विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को साथ लेकर वार्ड नंबर एक और वार्ड नंबर 16 के जलभराव वाले इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। महापौर ने आसपास के लोगों से भी सुझाव भी लिए। इसके अलावा जनपथ रोड, तीन पानी रोड, दक्ष चौक, गंगापुर रोड पर नालों का निरीक्षण कर जलनिकासी की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण में नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल, अभियंता बीएस डांगी, डॉ. सुभाष, पार्षद पवन राणा, पार्षद प्रमोद शर्मा, पूर्व पार्षद सुरेश गौरी, पूर्व प्रधान शारदानंद, सतीश मुंजाल, अजय यादव आदि शामिल रहे।
वार्डों के बेहतर ड्रेनेज सिस्टम के लिए तैयार हो रहा खाका
रुद्रपुर। महापौर विकास शर्मा ने बताया कि बरसात में यहां पर जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। तीन पानी डैम जो पुराने समय से बना हुआ है, यहां से तीन नहरें निकलती हैं। तीन नहरों से पहले गांव का पानी जाता था लेकिन सिडकुल आने के बाद इस क्षेत्र में कई कॉलोनियां बन चुकी हैं और कॉलोनियों में जल निकासी के समुचित प्रबंध नहीं किए गए हैं। इसकी वजह से ड्रेनेज सिस्टम फेल हो चुका है। इसको देखते हुए ड्रेनेज सिस्टम को लेकर विस्तृत कार्ययोजना बनाई जा रही है। सभी वार्डाें में ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने का खाका तैयार किया जा रहा है। सबसे पहले वार्ड नंबर 01 से इसकी शुरुआत की जा रही है। प्रयास है कि जलभराव की समस्या को जड़ से खत्म किया जाए। तीन पानी से एक नाला बनाया जाएगा जो दक्ष चौक तक जाएगा। इसमें गंगापुर रोड, जनपथ रोड, वनखंडी क्षेत्र की कॉलोनियों का पानी दक्ष चौक से होते हुए आगे बड़ी नदी में निकाला जाएगा। वार्ड नंबर एक और वार्ड नंबर 16 में जल निकासी के पुख्ता इंतजाम करने के लिए तीन नालों का निर्माण कराया जाएगा। कहा कि यह बड़ा प्रोजेक्ट है। इसके लिए सीएम धामी से मिलकर बड़ा बजट लेकर आएंगे।
कल्याणी नदी, बेगूल नदी सहित जो भी नदियां और नाले हैं उनकी सफाई करके जलनिकासी की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। इस बार बरसात से पहले काफी हद तक जलभराव की समस्या से निजात दिलाने का प्रयास है। बड़ी योजनाओं को धरातल पर उतरने में कुछ समय जरूर लग सकता है लेकिन प्रयास है कि समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जाए। विकास शर्मा, महापौर।