रुद्रपुर। स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैठक कर रणनीति तय की। कहा कि प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यकर्ता 18 फरवरी की शाम तीन बजे भगत सिंह चौक से ऊर्जा निगम के एसई कार्यालय तक स्मार्ट मीटर की शव यात्रा निकालकर प्रदर्शन करेंगे।
रविवार को अपने कार्यालय में हुई बैठक में मेयर प्रत्याशी रहे मोहन खेड़ा ने कहा कि राज्य सरकार प्रीपेड मीटर की आड़ में ऊर्जा निगम का निजीकरण करना चाहती है। प्रीपेड मीटर लागू होने से मध्यम वर्ग व गरीब तबके के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। प्रीपेड मीटर लगने से उपभोक्ताओं को बिजली का उपभोग करने से पूर्व मीटर को रिचार्ज करना होगा। इसके बाद ही बिजली का उपयोग करना होगा। रिचार्ज न होने पर उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बंद हो जाएगी।
अधीक्षण अभियंता लोगों को गुमराह कर रहे : संजय जुनेजा
व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जुनेजा ने आरोप लगाया कि यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता लोगों को गुमराह कर रहे हैं। प्रीपेड मीटर से न केवल आम आदमी का बल्कि व्यापारियों का भी भारी नुकसान होगा। प्रीपेड मीटर में उपभोक्ता का मीटर जंप मार गया तो किसी भी तरह की कोई सुनवाई नहीं होगी। वहां पर सरदार प्रकट सिंह संधू, हरीश बावरा, प्रकाश शर्मा, पार्षद इंद्रजीत सिंह, पार्षद जितेश शर्मा, पार्षद सौरभ राज बेहड़, पार्षद गौरव गिरी, राजू कोली, रणजीत राणा और अर्जुन विश्वास आदि मौजूद रहे।