रुद्रपुर। जसपुर बीईओ/उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय की मनमानी की जांच के लिए विभाग ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। बीईओ रुद्रपुर की अध्यक्षता में गठित कमेटी जल्द जांच कर रिपोर्ट डीईओ को सौंपेगी।
जसपुर का बीईओ/उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय अक्सर सुर्खियों में बना रहता है। बीते दिनों नववर्ष पर बीआरसी प्रांगण में कुछ अवैध गतिविधियों की सूचना डीईओ कार्यालय को मिली। इस पर डीईओ हरेंद्र कुमार मिश्र ने जसपुर कार्यालय से एक सप्ताह तक के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो तलब किए। इसी बीच बीआरसी कार्यालय में लगे सीसीटीवी के डीपीआर से 30 दिसंबर से लेकर आठ जनवरी तक के सभी वीडियो और सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर दिए गए। इसके लिए कक्ष का ताला तोड़कर सीसीटीवी से छेड़छाड़ करना जसपुर कार्यालय की ओर से बताया गया। जबकि दूसरे दिन जसपुर विधायक आदेश चौहान जब कार्यालय पहुंचे तो ताला साबूत दिखा। साथ ही बीईओ कार्यालय से सटे प्राथमिक स्कूल के कमरे पर अवैध तरीके से कब्जा किए जाने सहित कई शिकायतों पर बीईओ कार्यालय की तरफ से आंख मूंदने पर विभाग को कड़ा रुख अपनाना पड़ा है। अब डीईओ ने बीईओ रुद्रपुर सावेद आलम की अध्यक्षता में मुख्य प्रशासनिक खटीमा और जसपुर के एक इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य की कमेटी गठित कर जांच सौंपी है।
एक माह बाद भी बीईओ ने नहीं सौंपी रिपोर्ट
रुद्रपुर। बीआरसी जसपुर कार्यालय से 30 दिसंबर से 08 जनवरी तक के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो डिलीट किए जाने के मामले में बीईओ से विभाग ने रिपोर्ट मांगी थी। मामले के एक माह बीत जाने के बाद भी बीईओ ने विभाग को कोई रिपोर्ट नहीं दी। रिपोर्ट नहीं देने को लेकर विभाग इस मामले में बीईओ कार्यालय की संलिप्तता भी मान रहा है। ऐसे में कमेटी से जांच कराकर सत्यता उजागर करने की कार्यवाही की जा रही है। संवाद
जसपुर उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय की मनमानी सहित विद्यालय के कक्ष पर कब्जा आदि कई शिकायतें हैं। इन शिकायतों की जांच करने के लिए रुद्रपुर बीईओ की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है। कमेटी से जल्द से जल्द रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। हरेंद्र कुमार मिश्र, डीईओ।