काशीपुर। नगर निगम क्षेत्र में बढ़ रहे अतिक्रमण और प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ निगम प्रशासन की ओर से लंबे समय से कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासन की अनदेखी के चलते बाजार में सड़कों तक सामान रखे जाने से सड़कें सिकुड़ गई हैं।
नगर क्षेत्र के व्यस्त रहने वाले बाजारों में दुकानदारों ने अपनी दुकान का सामान सड़क पर सजा कर दो से चार फुट तक कब्जा कर लिया है। मुख्य बाजार, रतन सिनेमा रोड, तहसील रोड, नई सब्जी मंडी, पुरानी सब्जी मंडी, पोस्टऑफिस वाली गली शहर के सबसे व्यस्त रहने वाले मार्ग हैं। इन्हीं मार्गों के दुकानदार एक-दूसरे दुकानदार की होड़ में अपनी-अपनी दुकानों का सामान सड़क तक सजा कर रखने लगे हैं। बाजार में ठेले जगह-जगह खड़े होने और दुकानों के आगे फड़ लगने से सड़कें सिकुड़ गई हैं। इससे राहगीरों को चलने, वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। दिन में कई बार जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। दुकानदारों, फल और सब्जी विक्रेताओं ने प्रशासन की ओर से लंबे समय से कार्रवाई न होने के कारण प्रतिबंधित पॉलीथिन का खुलकर प्रयोग करना शुरू कर दिया है।
बाजार में अस्थायी अतिक्रमणकारियों, प्रतिबंधित पॉलीथिन का प्रयोग करने वालों के खिलाफ एक-दो दिन में नगर निगम टीम के साथ अभियान शुरू किया जाएगा। पहले चेतावनी दी जाएगी, उसके बाद जुर्माना की कार्रवाई की जाएगी।
- अभय प्रताप सिंह, एसडीएम।