गदरपुर। पानी निकासी की व्यवस्था न होने और आवागमन के लिए रास्ता न होने के कारण बंगाली कॉलोनी राजपुरा नंबर दो के कई परिवार नारकीय जीवन जीने को विवश हैं।
बीती रात्रि हुई बारिश के कारण बंगाली कॉलोनी के कई घरों को जाने वाले रास्ते में जलभराव हो गया। बारिश के पानी ने कई घरों के आंगन को तालाब में तब्दील कर दिया। पानी निकासी का साधन न होने के कारण लोगों को पानी से होकर आवागमन करना मजबूरी बन गया है। बंगाली कॉलोनी में करीब आठ परिवार निवास करते हैं।
बंगाली कॉलोनी निवासी पतरस ने बताया कि हर चुनाव में पानी निकासी के लिए नाली और आने जाने के लिए रास्ता बनवाने की मांग की जाती है लेकिन आज तक आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला है। युवा प्रदीप कुमार का कहना है कि नाली और रास्ते के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई है लेकिन उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है। अजीता ने बताया कि 15 वर्ष पहले जब उसका विवाह हुआ था, तब भी वही स्थिति थी और आज भी वही स्थिति बनी हुई है। यही रहने वाली सुनीता का कहना था कि बारिश के चलते रुकने वाले पानी से बड़ों को तो परेशानी होती ही है, छोटे बच्चों को आने-जाने में बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कोट
बंगाली कॉलोनी में रहने वाले परिवारों की समस्या वाजिब है। निर्माण कार्य के प्रस्ताव बनाकर भेजे जाएंगे। लोगों से भी श्रमदान करने का अनुरोध किया गया है। - रेनू, ग्राम प्रधान राजपुरा नंबर दो
कोट
बंगाली कॉलोनी में रहने वाले परिवारों की समस्या संज्ञान में आई है। जिला योजना में निर्माण कार्य का प्रस्ताव देकर ग्रामीणों की समस्या का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। - रेखा रानी कंबोज, सदस्य जिला पंचायत गदरपुर
कोट
पंचायत सदस्यों का कोरम पूर्ण न होने के चलते ग्राम पंचायत असंगठित है। एडीओ पंचायत को प्रशासक का दायित्व सौंपा गया है। मुआयना कर ग्रामीणों की समस्या का समाधान कराया जाएगा। - अतिया परवेज, बीडीओ, गदरपुर