खेत की मेड़ को लेकर विवाद की सूचना पर गांव पहुंचे पुलिसकर्मियों पर ग्रामीणों ने पंजाब से मेहमानदारी में आए दो ग्रंथी भाइयों को पीटने का आरोप लगाया। आरोप है कि पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले आई अभद्रता की और उनके धार्मिक चिह्नों से छेड़छाड़ की। विरोध में ग्रामीणों ने थाने में प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की। आक्रोशित ग्रामीणों ने नानकमत्ता गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी को भी मामले से अवगत कराया।
शुक्रवार को ग्राम कच्ची खमरिया निवासी ग्रामीण थाने पहुंचे तथा थाने के गेट पर प्रदर्शन किया। आरोप था कि बृहस्पतिवार शाम गांव में दो लोगों के बीच मेड़ को लेकर विवाद हो गया। सूचना पर थाने से पहुंचे दरोगा तथा सिपाहियों ने गांव पहुंचकर विवाद निपटाने का प्रयास किया। इसी दौरान पंजाब के जिला संगरूर निवासी बलजीत सिंह और हरजीत सिंह के बीच में बोलने पर पुलिस उन्हें थाने ले आई। यह दोनों भाई गांव में दिलेर सिंह के यहां मेहमानदारी में आए थे।
आरोप है कि ग्रामीणों ने इसका विरोध भी किया परंतु पुलिस कर्मी नहीं माने तथा उन्हें थाने ले आए। आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी नशे में थे। ग्रंथियों ने बताया कि थाने में पुलिस कर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की साथ ही धार्मिक चिह्नों से भी छेड़छाड़ की की। थानाध्यक्ष नरेश पाल सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी लेकिन किसी के साथ मारपीट नहीं की गई है। बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। अगर आरोप सही पाए गए तो उच्च अधिकारियों को अवगत करा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में कश्मीर सिंह, मक्खन सिंह, बलविंदर सिंह, दिलेर सिंह, मलकीत सिंह आदि थे।
कोट
दोनों पक्षों के बीच मेड़ का विवाद था। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया था और बातचीत के बाद भेज दिया। पुलिस पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। पुलिसकर्मियों ने न ही मारपीट की और न ही किसी प्रकार की कोई अभद्रता।
-देवेंद्र पींचा, एसपी सिटी