एनएच-74 में लाइन शिफ्टिंग में धांधली के मामले में एनएचएआई ने पल्ला झाड़ लिया है। एनएचएआई का कहना है कि यूपीसीएल की ओर से ही इस्टीमेट बनाए गए। उनके इस्टीमेट पर ही कार्यदायी कंपनी को भुगतान किया गया। जिस कंपनी ने काम किया, उसने पेटी ठेकेदार के रूप में काम किया। यूपीसीएल के भुगतान रोकने की चिट्ठी मिलने पर मई 2017 से जुलाई 2017 तक का भुगतान रोक दिया गया था।
उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड के मुताबिक सितारगंज से बाजपुर दोराहा तक करीब 77 किमी तक में 27 करोड़ रुपये की लागत से बिजली लाइन को शिफ्ट किए जाने का कार्य हुआ था। विभाग ने जब जांच की तो बाजपुर तक करीब 75 क्रॉसिंग जगह-जगह बनी हैं। इनमें से अधिकांश क्रॉसिंग में अंडरग्राउंड केबल आदि का कार्य भी नहीं किया जाना सामने आया।
इस पर विद्युत विभाग ने एनएचएआई को चिट्ठी लिखकर कार्यदायी कंपनी का भुगतान रोकने को कहा था। एनएचएआई के परियोजना निदेशक संदीप कार्की ने बताया कि लाइन शिफ्टिंग का काम केएसएच प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया था। केएसएच ने कानपुर की डी-कंट्रोल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को पेटी ठेकेदार के रूप में कार्य दिया होगा।
बिजली लाइन शिफ्टिंग में प्रॉपर्टी यूपीसीएल की थी और सुपरविजन के लिए यूपीसीएल को 15 फीसदी चार्ज दिए गए हैं। यूपीसीएल ने ही इस्टीमेट बनाकर दिया था। एनएचएआई ने सिर्फ पेमेंट कराया। यूपीसीएल से चिट्ठी मिलने पर बीती अगस्त 2017 में केएसएच कंपनी का बकाया भुगतान रोक दिया गया था।