काशीपुर। एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में एक सप्ताह से निक्षय पोर्टल ठप है। इससे क्षय रोगियों को प्रोत्साहन राशि की जानकारी नहीं मिल पा रही है। मरीज अस्पताल में आकर भटकने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
अस्पताल में काशीपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों के 450 मरीज टीबी का इलाज करा रहे हैं। इनमें से रोजाना करीब 20 मरीज रोज अपने कार्ड लेकर प्रोत्साहन राशि चेक कराने के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचते हैं। अस्पताल में भी उन्हें सिर्फ इंतजार करने की बात कही जा रही है क्योंकि पोर्टल ठप होने से कर्मियों के पास भी कोई अपडेट नहीं है। बताया जा रहा है कि कई महीनों से बजट के अभाव में मरीजों के खाते में प्रोत्साहन राशि नहीं पहुंच रही है। निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों को इलाज के दौरान पोषण सामग्री के लिए हर माह 1000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है लेकिन बजट नहीं होने से यह राशि अटकी हुई है। पोर्टल ठप होने से नई एंट्री, फॉलोअप और भुगतान की प्रक्रिया भी रुक गई है। इससे मरीजों के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों का आरोप है कि कई महीनों से राशि नहीं मिली है। इससे गरीब मरीजों को पौष्टिक आहार लेने में परेशानी हो रही है जो टीबी के इलाज में सबसे जरूरी है।
टीबी के मरीजों को प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने और निक्षय पोर्टल बंद होने की जानकारी लेकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। मरीजों के समस्या को दूर करने के लिए प्रयास किया जाएगा। -डॉ. चंद्रा पंत, सीएमएस, काशीपुर