सितारगंज। ग्रामीण युवक ने सीएम से सेंट्रल जेल में सजा भुगत रहे अपने पिता को पैरोल दिलाने की गुहार लगाई है। उसने बताया कि 20 नवंबर को उसकी शादी है। इसके लिए जिलाधिकारी और कुमाऊं कमिश्नर से पैरोल के लिए आवेदन किया था। जिस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सीएम हरीश रावत को भेजे पत्र में छोटी सलमती विडौरा मझोला गांव के कुलविंदर सिंह ने कहा कि हत्या के मामले में 2008 में उसके पिता बुद्ध सिंह पुत्र दयाल सिंह को उम्र कैद की सजा हुई थी।
जो केंद्रीय कारागार में सजा भुगत रहे हैं। कहा कि 2013 में देहरादून जेल से उन्हें पैरोल मिला था। लेकिन, अब उनके आवेदन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिससे उसके परिवार में असंतोष है। बताया कि उसकी शादी आगामी 20 नवंबर को बेलखेड़ी थाना विलासपुर (रामपुर) के शेर सिंह की बेटी सुखविंदर कौर से हो रही है।
कहा कि अगर, उसके पिता के पैरोल की स्वीकृति नहीं दी गई तो वह शादी नहीं करेगा। उन्होंने सीएम रावत से पिता बुद्ध सिंह को 15 दिन का पैरोल स्वीकृत कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से 14 वर्ष से अधिक की सजा भुगत चुके शारीरिक रूप से अक्षम कैदियों की रिहाई की भी मांग की।