पंतनगर। अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन अन्वेषण-2025 में पंतनगर विवि की छात्राओं ने भी सहभागिता की। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन तक पहुंचने से पूर्व छात्राओं ने महाविद्यालय स्तर एवं जोनल स्तर की चयन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
सम्मेलन में छात्राओं ने एशेज टू ऐड: पराली से सेनेटरी पैड निर्माण विषय पर आधारित अपना नवाचारी शोध प्रस्तुत किया। जिसका उद्देश्य फसल अवशेष (पराली) का उपयोग सेनेटरी पैड निर्माण में कच्चे माल के रूप में कर पर्यावरण संरक्षण एवं अपशिष्ट प्रबंधन की समस्या का स्थायी समाधान प्रस्तुत करना था। अपने प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण, तार्किक विश्लेषण एवं सामाजिक रूप से प्रासंगिक अवधारणा के माध्यम से छात्राओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर विवि का नाम गौरवान्वित किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर अधिष्ठात्री सामुदायिक विज्ञान डाॅ. अलका गोयल, जोनल समन्वयक डाॅ. दीपा विनय एवं सह समन्वयक डाॅ. आरएस जादौन ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके नवाचारी चिंतन एवं समर्पण की सराहना की। साथ ही उन्होंने छात्राओं की मार्गदर्शक डाॅ. मनीषा रानी के सतत सहयोग, प्रेरणा और मार्गदर्शन को इस सफलता की मजबूत नींव बताया।