शक्तिफार्म। ग्राम सभा गुरुग्राम का 25 साल पहले बना प्रशासनिक पंचायत भवन बदहाल हो गया है। कमरों की छत के प्लास्टर का मलबा टूटकर गिर रहा है। जर्जर भवन से हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
मंगलवार को भाजपा किसान मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष दिलीप मिस्त्री की अगुवाई में पंचायत प्रतिनिधियों ने एडीएम कौस्तुभ मिश्रा के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा। बताया कि पंचायत भवन की दीवारें और छत का प्लास्तर लगातार गिर रहा है। कुछ दिन पहले पंचायत भवन में बैठक के दौरान छत से प्लास्टर गिरने लगा। पंचायत प्रतिनिधियों को समीप के प्राथमिक स्कूल में बैठक पूरी करनी पड़ी। ग्राम प्रधान वितिका मिस्त्री ने बताया कि जिला एवं ब्लाक स्तरीय अधिकारियों को बताने पर भी समस्या का संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों ने कूड़ा गाड़ी की भी मांग की। वहां पर प्रेम गाईन, दीपक सरकार, श्रीकांत विश्वास, सुकुमार मंडल, राजू मंडल, रितेश विश्वास, कुशल गोलदार, नंदू राय आदि थे।