स्पा सेंटरों में आने वाले लोगों का अब पूरा रिकॉर्ड संचालकों को रखना होगा। मानकों की अनदेखी करने वाले स्पा सेंटर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी डीएस कुंवर ने कहा कि जिले में बिना पंजीकरण चल रहे स्पा सेंटरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कहा कि आर्थिक अपराधों में लिप्त मिलने पर पुलिस कर्मियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने सोमवार को अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि जिले में स्पा सेंटरों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सर्किल स्तर पर सीओ को स्पा सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस की कार्रवाई में बात सामने आई है कि स्पा सेंटर बिना अनुमति के संचालित हो रहे हैं। वहां काम करने वाली युवतियां और युवकों का पुलिस सत्यापन भी नहीं किया गया है।
एक स्पा सेंटर में काम करने वाली युवतियों को अधिक समय तक नौकरी पर भी नहीं रखा जाता है। इसके अलावा राज्य कर विभाग में स्पा सेंटर संचालकों ने जीएसटी पंजीकरण नहीं कराया है। उन्होंने बताया कि अब स्पा सेंटरों का पंजीकरण करने के साथ ही काम करने वाली युवतियों का सत्यापन कराना होगा। स्पा सेंटर में आने वाले सभी लोगों का रोजाना रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आर्थिक अपराध में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।