साइकिल से स्कूल आ रहे छात्र को धान से लदे ओवरलोड ट्रक ने कुचल दिया। इससे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक लेकर ड्राइवर थाने जा पहुंचा। पुलिस ने ट्रक व चालक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया। छात्र की मौत की सूचना से विद्यालयों में शोक सभा कर अवकाश घोषित कर दिया गया।
मंगलवार सुबह करीब सात बजे श्री गुरुनानक इंटर कालेज में अध्ययनरत 12वीं का छात्र मोहम्मदगंज थाना खटीमा निवासी संदीप सिंह राणा (17) पुत्र करन सिंह साइकिल से सहपाठियों के साथ विद्यालय आ रहा था। नानकसागर बैराज से उतरते ही पीछे से आ रहे धान से लदे ओवरलोड ट्रक (यूपी75एफ -9057) ने सड़क के गड्ढों से बचने के प्रयास में छात्र को कुचल दिया। ट्रक के टायर के नीचे आने से छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक खुटार जिला लखीमपुर यूपी निवासी अतीउल्ला पुत्र सफीउल्ला ट्रक लेकर थाने पहुंच गया। सूचना मिलने के एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया।
छात्र की मौत की सूचना से श्री गुरुनानक इंटर कालेज, श्री गुरुनानक बालिका इंटर कालेज, श्री गुरुनानक एकेडमी, गोशन पब्लिक स्कूल, खीमा जोशी मेमोरियल इंटर कालेज में शोक सभा कर अवकाश घोषित कर दिया गया। मृतक का बड़ा भाई फूल सिंह राणा सिडकुल में काम करता है। उसकी मौत से भाई व पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को दुर्घटना की तहरीर नहीं सौंपी गई थी।