रुद्रपुर। ओमेक्स अंडरपास के नजदीक खुल रही शराब के विरोध में महिलाओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम कार्यालय में ज्ञापन देकर अंडरपास के नजदीक खोली जा रही शराब की दुकान तत्काल बंद कराने की मांग की। कहा कि शराब की दुकान खुलने से आस-पास नशे का सेवन करने वाले और आपराधिक किस्म के लोगों का जमघट लगा रहेगा।
सोमवार को वार्ड 23 भूरारानी की महिलाएं कलक्ट्रेट पहुंची। यहां डीएम कार्यालय के सामने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम उदयराज सिंह को संबोधित ज्ञापन उनके कार्यालय में दिया। महिलाओं ने कहा कि शांति विहार-छतरपुर मार्ग पर अंग्रेजी शराब की दुकान खोली जा रही है। इस मार्ग पर ओमेक्स काॅलोनी के पास अंडरपास स्वीकृत है।
ऐसे में दुकान के आसपास शराबियों एवं आपराधिक किस्म के लोगों की भीड़ रहेगी। इससे कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। महिलाओं को आवाजाही में असुविधा होगी। उन्होंने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खुल रही अंग्रेजी शराब की दुकान को तत्काल बंद करने की मांग की। वहां निवर्तमान पार्षद मोहन खेड़ा, मनीषा, गीता, माधवी, कविता, सरिता, नेहा, प्रीति, जयवती, पुष्पा, गोमती, सुनीता आदि थे।