रुद्रपुर। वाॅलीबाल खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय मंच पर खेलने का मौका मिलेगा। उत्तरांचल वालीबॉल एसोसिएशन ने 26वीं यूथ राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए राज्य की महिला और पुरुष टीमों के चयन ट्रायल की तिथि घोषित कर दी है। ट्रायल 17 फरवरी को सुबह 11 बजे से मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में होंगे। चयनित खिलाड़ी 15 से 20 मार्च तक भुवनेश्वर (ओडिशा) में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
एसोसिएशन सचिव सपदा देवी ने बताया की ट्रायल में वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनकी जन्मतिथि एक जनवरी 2005 या उसके बाद होगी। खिलाड़ियों का उत्तराखंड का स्थाई निवासी होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त ऐसे प्रतिभागी भी पात्र माने जाएंगे जिनके माता-पिता राज्य के किसी सरकारी विभाग में कार्यरत हों और उनकी वर्तमान तैनाती उत्तराखंड में हो।
इस प्रावधान का उद्देश्य राज्य से जुड़े प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को समान अवसर उपलब्ध कराना बताया गया है। पंजीकरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य किया गया है।
दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही उन्हें चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। बताया की अंतिम चयन नामित चयन समिति के निर्णय के आधार पर होगा और यही निर्णय मान्य रहेगा।
जिला इकाइयों, कोचों और खेल शिक्षकों से अधिकाधिक प्रतिभाओं को ट्रायल में भेजने का आह्वान किया गया है, ताकि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड की मजबूत, संतुलित और प्रतिस्पर्धी टीम उतारी जा सके।