रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह पीजी कॉलेज में सेमेस्टर की आंतरिक या को-करिकुलम परीक्षा में शामिल नहीं हो सके विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने ऐसे विद्यार्थियों को छूटी हुई परीक्षा देने का एक और मौका दिया है। विद्यार्थी 25 अक्तूबर तक निर्धारित विलंब शुल्क जमा कर परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
विश्वविद्यालय के उप परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी आदेश के अनुसार, स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के कई विद्यार्थी सम सेमेस्टर परीक्षा 2026 के अंतिम सेमेस्टर में शामिल हुए। हालांकि उन्होंने पूर्व के किसी सम या विषम सेमेस्टर की आंतरिक या को-करिकुलम परीक्षा नहीं दी थी। ऐसे में उनकी डिग्री पूरी नहीं हो पा रही थी। इसे देखते हुए विश्वविद्यालय ने ऐसे विद्यार्थियों को लंबित परीक्षा पूरी करने का अवसर दिया है। एसबीएस पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अवधेश नारायण सिंह ने बताया कि कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को अपनी छूटी हुई परीक्षा पूरी करने का अवसर दिया गया है। संबंधित विद्यार्थी निर्धारित समय के भीतर कॉलेज में संपर्क कर परीक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से विलंब शुल्क जमा करने सहित जरूरी प्रक्रिया पूरी करने को कहा है ताकि अंतिम तिथि के बाद किसी तरह की परेशानी न हो।