जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने की गरज से डीएम चंद्रेश कुमार यादव ने मंगलवार को कलक्ट्रेट स्थित जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ में लोक शिकायत निवारण केंद्र का शुभारंभ किया। इस केंद्र में अधिकारी प्रात: 10 से 12 बजे तक जनता की समस्यायें सुनेंगे।
लोक शिकायत निवारण केंद्र के शुभारंभ अवसर पर अधिकारियों की बैठक लेते हुए डीएम ने कहा लोक शिकायत निवारण केंद्र के दूरभाष पर प्राप्त होने वाली जनशिकायतों का निराकरण समय पर किया जाए। जन शिकायतों का समय पर निराकरण न किये जाने पर संबंधित विभागाध्यक्ष के खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी। डीएम ने कहा प्रात: 10 बजे से 12 बजे तक अधिकारी कार्यालय में बैठकर समस्याएं सुनें साथ ही फील्ड में जाकर प्रत्यक्ष रुप से जन समस्याओं का मौका मुआयना भी करें।
डीएम ने कहा दूरभाष नं. 05944- 250719, 250103 एवं टोल फ्री नं.-05944-1077 पर भी शिकायतें सुनी जाएंगी। इन नंबरों पर कोई भी व्यक्ति समस्या किसी भी समय दर्ज करवा सकता है। कहा कि संबंधित विभागाध्यक्ष समस्या का समाधान एक सप्ताह और अधिकतम 15 दिन में करने के उपरांत शिकायत निवारण की सूचना शिकायतकर्ता को भी दें। प्रत्येक सप्ताह बृहस्पतिवार को शाम 3 बजे से लोक शिकायतों की समीक्षा की जायेगी।
इस अवसर पर सीडीओ आलोक कुमार पांडेय, एडीएम प्रताप सिंह शाह, डीडीओ अजय सिंह, प्रभारी अधिकारी कलक्ट्रेट चंद्र सिंह इमलाल, अनिल शुक्ला, एसडीएम नरेश दुर्गापाल, विनोद कुमार, एएसपी पंकज भट्ट, मुख्य शिक्षा अधिकारी पीएन सिंह, अपर सीएमओ एसएस दुग्ताल, जिला कार्यक्रम अधिकारी एके मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी पीके सिंह, विपिन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी थे।