रुद्रपुर। जिले में 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए देहरादून से 12,000 वैक्सीन पहुंचने के बावजूद रविवार को टीकाकरण केंद्रों से लोग बैरंग लौटे। 45 वर्ष से अधिक उम्र के सिर्फ 249 लोगों को ही वैक्सीन लग सकी। इनमें 248 को पहली डोज व दूसरी डोज सिर्फ एक व्यक्ति को ही लग सकी।
रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में बनाए गए टीकाकरण केंद्र पर सुबह से ही लोग वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचने शुरू हो गए थे। लेकिन वैक्सीन न लगने के कारण एक बार फिर लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। जिस कारण केंद्र पर दिन सन्नाटा पसरा रहा। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पर टीकाकरण में लापरवाही का आरोप लगाया। जबकि 18 वर्ष से अधिक उम्र के 1783 लोगों ने विभिन्न टीकाकरण केंद्रों पर कोरोना वैक्सीन लगवाई। टीकाकरण अभियान के जिला नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने कहा कि 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले लोगों के लिए पर्याप्त मात्रा में कोरोना वैक्सीन उपलब्ध है। लेकिन रविवार को कम लोग ही टीकाकरण केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि जिले में टीकाकरण अभियान को तेज करने का प्रयास किया जा रहा है।