रुद्रपुर। कोरोना महामारी के चलते एक माह रक्तदान शिविर आयोजित न होने के कारण रुद्रपुर ब्लड बैंक में रक्त की कमी हो गई है। 1500 यूनिट रक्त एकत्र करने की क्षमता वाले ब्लड बैंक में वर्तमान में मात्र 15 यूनिट रक्त ही शेष है। प्लामा थैरेपी की सुविधा होने के कारण कोरोना संक्रमितों को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा जा रहा है।
पुराना जिला अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक में एक पखवाड़े से रक्त की काफी कमी हो गई है। अप्रैल में एक भी रक्तदान शिविर का आयोजन न होने के कारण वर्तमान में विभिन्न ग्रुप का सिर्फ 15 यूनिट भी रक्त उपलब्ध है। इस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जरूरतमंदों को सिर्फ रिप्लेसमेंट पर ही रक्त मिल रहा है लेकिन सभी ग्रुप का ब्लड उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इसके साथ ही मशीन के अभाव में कोरोना संक्रमितों का प्लाज्मा थैरेपी से इलाज भी नहीं हो पा रहा है। ब्लड बैंक में सेपरेटर मशीन मौजूद है लेकिन इस मशीन से सिर्फ सामान्य व्यक्ति का ही प्लाज्मा, आरबीसी और प्लेटलेट्स ही निकाले जा रहे हैं। कोरोना को मात दे चुके व्यक्ति का प्लाज्मा निकालने की सुविधा ब्लड बैंक में नहीं है, जिससे प्लाज्मा थैरेपी के लिए संक्रमितों को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा जा रहा है।