रुद्रपुर सब्जी मंडी में बिकने को रखा प्याज।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। शहर में प्याज की कालाबाजारी न थमने के कारण प्याज के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। नवरात्र में भी प्याज 80 रुपये तक पहुंच गया है। रुद्रपुर सब्जी मंडी में प्याज 60 से 80 रुपये किलो तक बेचा जा रहा है। नवरात्र के बाद प्याज के दामों में और उछाल आने की संभावना है।
अक्तूबर में प्याज के दामों में उछाल देखने को मिला है। सितंबर में प्याज का मूल्य 40 रुपये किलो तक था, अब 80 रुपये किलो तक में बिक रहा है। इससे मध्यम वर्ग के लोगों का रसोई का बजट बिगड़ गया है।
सब्जी विक्रेताओं ने भी ग्राहक की जेब को देखते हुए गुणवत्ता के हिसाब से प्याज को 60 रुपये, 70 रुपये और 80 रुपये प्रति किलो की दर से बेचना शुरू कर दिया है। सब्जी विक्रेताओं के अनुसार नवरात्र के बाद प्याज की डिमांड और बढ़ जाती है। इससे प्याज के दामों में और उछाल देखने को मिल सकता है। वहीं, पहाड़ी आलू के दाम भी 50 रुपये किलो चल रहे हैं।
सब्जी विक्रेता धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि वह 70 रुपये किलो प्याज बेच रहे हैं। 60 रुपये किलो बिकने वाली प्याज की गुणवत्ता थोड़ी खराब है। 80 रुपये किलो बिकने वाली प्याज की गुणवत्ता काफी बेहतर है।