फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udham Singh Nagar News: ऑनलाइन ठगी के मामले में एक और अभियुक्त गिरफ्तार

Fri, 20 Jun 2025 12:53 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊधम सिंह नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
रुद्रपुर। खटीमा के एक डाॅक्टर से ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 81.45 लाख रुपये की ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस ने दिल्ली से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के खाते में ठगी की रकम में से पांच लाख रुपये आए थे। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इससे पहले साइबर थाना पुलिस इस मामले में महाराष्ट्र से एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर चुकी है।
विज्ञापन


खटीमा के ऑफिसर्स कॉलोनी निवासी हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. कृष्ण मोहन गुप्ता ने बीती 25 मार्च को साइबर क्राइम पुलिस थाना में ऑनलाइन धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। उनका कहना था कि चार जनवरी को उनके मोबाइल पर एक ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ने का संदेश आया था। उन्होंने संदेश के साथ आए लिंक पर क्लिक किया और एक ग्रुप से जुड़ गए। उन्होंने एक एप्लीकेशन डाउनलोड की और उसमें आईडी बनाकर निवेश करना शुरू कर दिया था।
निवेश पर भारी मुनाफा होने पर उन्होंने पत्नी तनु की आईडी भी बना दी थी। उन्होंने निवेश के लिए पांच फरवरी से 28 फरवरी तक 81,45,855 रुपये अपने और पत्नी के बैंक खाते से जमा किए थे। उन्हें दो करोड़ से अधिक का मुनाफा प्रदर्शित हुआ था लेकिन जब रुपये निकासी की कार्यवाही की तो उनसे और रुपये मांगे गए। इस पर उनको ठगी की जानकारी हुई थी। साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर 10 जून को एक अभियुक्त वैभव मनोज गाडगे निवासी शांतिनगर जिला नागपुर (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया था।
विज्ञापन

एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह ने बताया कि इस केस में विवेचक इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने टीम के साथ गहनता से छानबीन की थी। मामले में मास्टर माइंड सुशील कुमार निवासी कैलाशपुरी एक्सटेंशन पालम ग्राम साउथ वेस्ट दिल्ली को चिह्नित करते हुए उसकी तलाश में कई जगहों पर दबिश दी गई थी।
बुधवार को अभियुक्त सुशील कुमार को शाहबाद मोहम्मदपुर थाना द्वारका सेक्टर-23 दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, नौ डेबिट कार्ड, छह सिम कार्ड, एक चेक बरामद किया गया।

दो खातों के खिलाफ दर्ज हैं ठगी की 30 शिकायतें
एसएसपी ने बताया कि अभियुक्त ने दो बैंक खातों का साइबर ठगी में इस्तेमाल किया है। दोनों खातों में कुछ समय में करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ है। इन बैंक खातों के विरुद्ध 13 राज्यों में 30 साइबर अपराधों की शिकायतें दर्ज हैं। इनमें आंध्र प्रदेश में दो, पंजाब में दो, केरल, राजस्थान, तमिलनाडू, उत्तराखंड में एक-एक जबकि कर्नाटक में छह, यूपी में दो, महाराष्ट्र में नौ और पश्चिमी बंगाल में एक शिकायत शामिल है। इसके अलावा दिल्ली और मध्यप्रदेश में एक-एक जबकि तेलंगाना में दो शिकायतें दर्ज हैं।
फर्जी तरीके से क्लीनिक चला रहा था सुशील
साइबर पुलिस के हत्थे चढ़ा अभियुक्त सुशील कुमार मूल रूप से ग्राम रामपुर हरी थाना मीनापुर जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) का रहने वाला है। उसने दिल्ली के शाहबाद मोहम्मदपुर में किराये पर दुकान ले रखी थी और वहां पर फर्जी तरीके से क्लीनिक संचालित कर रहा था।
फार्मेसी की फर्म के नाम पर खोले थे दो खाते
साइबर पुलिस ने बताया कि अभियुक्त सुशील कुमार ने दिल्ली के महावीर इन्कलेव में श्री राधा फार्मेसी नाम से फर्म पंजीकृत कराई थी। इस फर्म के नाम पर खोले गए दो खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर की जा रही थी। खटीमा के मुकदमे वाले खाते में पांच लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे और इस खाते के खिलाफ देशभर में 22 शिकायतें दर्ज हैं जबकि दूसरे खाते के खिलाफ सात शिकायतें दर्ज हैं। दोनों खातों में दिए गए मोबाइल नंबर बंद थे।लेकिन टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुशील तक पहुंची।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें