सितारगंज। ईंट भट्ठे के मालिक शिशुपाल सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। इससे उनका परिवार भयभीत है। लापता भट्ठे मालिक के बेटे ने पुलिस को तहरीर देकर पिता की ढूंढ़ खोज की मांग की है। कोतवाल सलाहउद्दीन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
रविवार को सुप्रिया कालोनी वार्ड दस निवासी अमित सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके पिता शिशुपाल सिंह रात करीब एक बजे कार संख्या-यूके06एवाई-5048 से कहीं चले गए। तलाश करने पर पता चला कि तकरीबन दो बजे सिसईखेड़ा खैराना गांव स्थित किसान ब्रिक्स फील्ड पर कार से पहुंचे थे। इस भट्ठे में उनकी साझेदारी है। उसने पुलिस से उनकी गुमशुदगी दर्ज करने की मांग की। शिशुपाल सिंह ट्रक यूनियन में कई साल तक मैनेजर के पद पर भी रहे थे। कोतवाल सलाहउद्दीन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आया कि वह भट्टे के मुंशी से मिले थे और उससे बरेली जाने की बात कहकर निकले थे। उनकी तलाश जारी है। शिशुपाल के लापता होने की प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही उन्हें खोज निकाला जाएगा।