काशीपुर में आरोपी को कोतवाली ले जाते पीड़ित।
- फोटो : amar ujala
एक प्रतिष्ठित कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक पेंटर ने छह-सात लोगों से करीब एक लाख रुपये की रकम ऐंठ ली। बाद में उसने आवेदन खो जाने की बात की और पुन: आवेदन भरने के लिए 12 हजार की मांग की। रकम लेने पहुंचे ठग को भुक्तभोगियों ने रेलवे स्टेशन पर धर दबोचा। उन्होंने ठग की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
सुभाष नगर बरेली निवासी अनिल उर्फ बब्लू यहां मोहल्ला महेशपुरा में अपने भाई के साथ किराए के मकान में रहता है। वह मकानों में रंगाई पुताई का काम करता है। सोमवार दोपहर चार युवकों और एक युवती ने रेलवे स्टेशन पर उसे दबोच लिया। इन लोगों ने पिटाई कर अनिल को कोतवाली लाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस को दी तहरीर में मुरादाबाद थाना बिलारी के हंसनगर निवासी सचिन ने कहा कि वो महेशपुरा में एक इलैक्ट्रिक शॉप में काम करता है। इस दौरान अनिल से उसकी जान पहचान हो गई।
अनिल ने उसे बाजपुर रोड स्थित एक कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसकी एवज में अनिल ने सचिन से 30 हजार, उसकी चचेरी बहन अन्नू से 25 हजार, खरमासी निवासी अमित से आठ हजार, महेशपुरा निवासी सूरज से 16 हजार, बरेली निवासी नीलम से 20 हजार रुपये ऐंठ लिए। अनिल ने नौकरी के लिए बकायदा इन लोगो से आवेदन पत्र भी भरवा लिए। काफी समय बाद भी नौकरी के लिए बुलावा न आने पर इन लोगों ने कंपनी से संपर्क किया। कंपनी के प्रबंधकों ने उन्हें जानकारी दी कि पिछले एक साल से कोई नियुक्ति नहीं निकली है।
इस पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। संपर्क करने पर अनिल ने बताया कि उनके आवेदन गुम हो गए हैं। पुन: आवेदन भरने के लिए 12 हजार का खर्च और आएगा। इन लोगों ने रुपये देने के लिए अनिल को रेलवे स्टेशन बुला लिया। वहां पहुंचने पर पीड़ितों ने उसे धर दबोचा और पिटाई कर कोतवाली ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल मामले की रिपोर्ट दर्ज नही हो सकी है।