जसपुर। ट्रक की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। युवक की सोमवार को शादी होनी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक की तलाश शुरू कर दी है।
ग्राम रेहड निवासी सलीम अहमद (22) पुत्र इस्लामुद्दीन की सोमवार को ग्राम नरपत नगर थाना स्वार जिला रामपुर में बारात जानी थी। रविवार को शादी से पूर्व गांव को दावत देने की तैयारी चल रही थी। सब तरफ खुशी का माहौल था। बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। इनमें सलीम अहमद की भतीजी जुबेदा खातून (6) पुत्री इरफान भी खेल रही थी।
इसी बीच अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारकर घायल कर दिया। परिजनों ने उसे लिए नर्सिंग होम जसपुर में भर्ती कराया। घटना का पता चलने पर सलीम अहमद बाइक से बिना हेलमेट पहने अपनी भतीजी को देखने जसपुर आ रहा था। पुलिस चौकी धर्मपुर के पास सामने से आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में सलीम अहमद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। धर्मपुर पुलिस चौकी इंचार्ज गणेश भट्ट ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक ड्राइवर की तलाश की जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिवार और ससुराल में कोहराम मच गया।