काशीपुर। पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम की ओर से की गई कार्रवाई में पकड़े गए नकली सीमेंट को फर्जी नाम से रिलीज कराने की कोशिश करने के आरोपी को कुंडा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद भी इस घटना में वांछित चल रहा था। कुंडा थाना में उसके खिलाफ छदम नाम से आपराधिक षड़यंत्र रचने का केस दर्ज किया गया है।
कुंडा थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल ने बताया कि बीते वर्ष पांच जून को काशीपुर पुलिस और एसटीएफ ने अलीगंज रोड स्थित पैराडाइज कॉलोनी के पास छापा मारकर नकली सीमेंट बनाने की फैक्टरी पकड़ी थी। पुलिस ने मौके से अल्ट्राटेक, एसीसी, माइसेम और बांगर कंपनियों का सीमेंट जब्त कर ग्राम उझहरी मुरादाबाद निवासी कमल सागर को गिरफ्तार किया था। पत्थर खेड़ा थाना भोट जिला रामपुर निवासी वसीम फरार चल रहा था। इस केस की विवेचना कुंडा थाना प्रभारी फर्त्याल कर रहे हैं। बरामद सीमेंट रिलीज कराने के लिए कोर्ट में मुनाजिर के नाम से प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। पुलिस को जांच-पड़ताल के दौरान पता लगा कि वर्तमान में मुनाजिर दिल्ली की एक जेल में बंद है। वहीं जांच-पड़ताल में रिलीज अर्जी भोट रामपुर निवासी नदीम की ओर से लगाने की बात सामने आई। थाना प्रभारी दिनेश सिंह फर्त्याल, एसआई होशियार ने आरोपी नदीम को गिरफ्तार कर लिया। संवाद