बंजारी गेट नंबर दो क्षेत्र में वन विभाग की एंटी माइनिंग टीम पर खनन माफियाओं ने जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी। जिसके जवाब में वन टीम ने फायरिंग कर माफियाओं को खदेड़ दिया। वन टीम ने कोसी नदी परिसर क्षेत्र से अवैध खनन से भरी दो ट्रैक्टर ट्राली कब्जे में ले ली। सूचना पर पुलिस नही पहुंची।
शनिवार को रात मुखबिर की सूचना पर फोरेस्ट माइनिंग टीम ने बंजारी गेट नंबर दो पर छापेमारी की। जिस पर माफियाओं ने टीम पर फायरिंग की दी। बताते हैं कि बंजारी गेट पर अवैध खनन जोरों पर चल रहा था। माफिया फायरिंग कर खनन से भरे वाहनों को लेकर फरार हो गये।
वन एसडीओ बीएस शाही ने बताया कि बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी को सूचना देने पर पुलिस नहीं पहुंची। सूचना पर वन विभाग की चार टीमें पहुंच गई। इससे पहले भी कई बार माफिया वन और पुलिस टीम पर फायरिंग कर चुके हैं। राजनैतिक संरक्षण होने के कारण माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।