अज्ञात कारणों के चलते जिलाधिकारी कार्यालय में तैनात निर्वाचन कार्यालय के बड़े बाबू ने ब्लेड से अपना गला रेत दिया। इसके बाद उसने अपने हाथ पर भी ब्लेड चलाई।
ऑफिस में ड्यूटी के दौरान बड़े बाबू द्वारा आत्महत्या की कोशिश के इस मामले ने कलक्ट्रेट में मौजूद कई अधिकारियों और कर्मियों को हैरान कर दिया। अचानक हुई घटना से कलक्ट्रेट में अफरातफरी का माहौल हो गया। आनन-फानन में जिला प्रशासन के अधिकारी सरकारी वाहन से बाबू को निजी अस्पताल ले गए। जहां बड़े बाबू की हालत गंभीर देखते हुए डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कलक्ट्रेट में जिला निर्वाचन विभाग के बड़े बाबू धीरेंद्र चंद्र सती निवासी आरटीओ रोड हल्द्वानी सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचे। उन्होंने काम शुरू किया। लेकिन तभी 11 बजे उन्होंने पेपर काटने के ब्लेड से उल्टे हाथ की नस और गला काट लिया। तभी एक कर्मचारी अंदर पहुंचा तो उसने खून बहता देख चीखना शुरू किया। गले और हाथ की नसें कटी देख निर्वाचन कर्मचारियों में खलबली मच गई।
इसकी सूचना एडीएम दीप्ति वैश्य को दी गई। आनन-फानन में अधिकारी बड़े बाबू को गाड़ी में लेकर प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के डाक्टरों ने धीरेंद्र का ऑपरेशन किया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।