राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन के बैनर तले नियमितीकरण नहीं करने के खिलाफ सीएमओ कार्यालय से विरोध जुलूस निकाला। जो हाईवे से होता हुआ पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ के आवास पहुंचा। जहां उन्होंने ज्ञापन देकर नियमितीकरण की मांग की। बेहड़ ने आश्वासन दिया कि पांच अक्टूबर को सीएम और प्रमुख सचिव से वार्ता की जाएगी और एक सूत्रीय मांग को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
रविवार को जिले भर के एनएचआरएम कर्मी एकत्र हुए और सीएमओ कार्यालय से नैनीताल हाईवे होते हुए जीवनदीप अस्पताल होते हुए पूर्व मंत्री बेहड़ आवास पहुंचे। कहना था कि 22 मई 2016 को सीएम सहित अन्य मंत्रियों के अभिनंदन समारोह के दौरान रावत सरकार ने एनएचआरएम कर्मियों के नियमितीकरण करने की घोषणा की थी।
आरोप है कि प्रमुख सचिव व अन्य अधिकारियों ने प्रक्रिया का सरलीकरण करने के बजाय उसको पेचीदा बना दिया। जिसकी वजह से कर्मचारी उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। विवश होकर सभी स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी आंदोलन को मजबूर हैं।
उन्होंने बेहड़ से शीघ्र ही मांग का हल निकालने की मांग की। इस मौके पर संघ अध्यक्ष डीएस भंडारी, संरक्षक नीरज सक्सेना, डा. संदीप मिश्रा, प्रदीप महर, दिनेश जोशी, पंकज गुसाई, श्वेता उनियाल, रीना सिंह, निर्मला धामी, कविता देवी, ममता नेगी आदि मौजूद थे।