काशीपुर में युवती के साथ दुराचार के प्रयास का वीडियो वायरल का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि रुद्रपुर में भी एक प्रेमी जोड़े का अश्लील वीडियो वायरल हो गया है। यह मामला रविवार को जब एसएसपी के समक्ष आया तो उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए इस पूरे मामले को एएसपी पंकज भट्ट को देखने को कहा। इसकी पत्रकारों ने एसएसपी से शिकायत की थी।
वीडियो में दिख रहे युवक-युवती रुद्रपुर के ही रहने वाले हैं। ये किसी एकांत जगह पर बनाया हुआ दिख रहा है। यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि इस वीडियो वायरल करने में एक जनप्रतिनिधि का भूमिका है। एसएसपी ने कहा कि फिलहाल मामला देखा जा रहा है। अभी किसी की ओर से शिकायत या तहरीर नहीं आई है, लेकिन अब इस तरह के वीडियो वायरल करने वालों पर भी पुलिस मुकदमा दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि ग्रुप एडमिन को भी इसमें दोषी मानते हुए पुलिस विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजेगी।
एएसपी पंकज भट्ट का भी कहना है कि अभी तक उनके पास कोई वीडियो वायरल होने की शिकायत नहीं आई है, लेकिन मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। इसकी जांच करवाई जा रही है कि आखिर कौन लोग हैं जो इस तरह से अश्लील वीडियो वायरल कर रहे हैं। इसकी पड़ताल के लिए पुलिस की सर्विलांस टीम के साथ खुफिया टीम भी इसमें जुट गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।