रुद्रपुर। अब यदि आप कार लेकर रुद्रपुर के मुख्य बाजार में आएंगे तो पार्किंग के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। हर गली में नगर निगम का कर्मचारी मिल जाएगा जो आपके वाहन की चाबी लेकर उसे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर देगा। इसके लिए वाहन चालक को मामूली शुल्क देना होगा।
रुद्रपुर का मुख्य मार्ग अतिव्यस्त है। हालांकि वेंडिंग जोन बनने के बाद से जाम की समस्या पहले की तुलना में काफी कम हुई है। अब लोहड़ी और मकर संक्रांति पर्व नजदीक है। ऐसे में बाजार में भीड़ बढेगी। मेयर विकास शर्मा ने बाजार में जाम न लगे। इसके लिए नई पहल शुरू कर दी है। उनका कहना है कि कुछ दिन बाद बाजार में नगर निगम के कर्मचारी तैनात रहेंगे जो बाजार में आने वाले वाहनों को व्यवस्थित ढंग से पार्क करेंगे।
वाहन चालक बाजार में पहुंचते ही चाबी कर्मचारी को सौंप देगा जिसके बाद कर्मचारी वाहन को पार्क करेगा और बाद में चाबी लाकर देगा। गांधी मैदान में फिलहाल अस्थाई पार्किंग की सुविधा शुरू कर दी गई है जिससे रोडवेज के पास लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिली है।
वेंडिंग जोन के पास कतार से खड़े होंगे वाहन
नगर निगम ने वेंडिंग जोन के पास पार्किंग बना दी है। इसके अलावा इंदिरा चौक से रोडवेज तक सड़क चौड़ी होते ही लोग कतार से अपने वाहनों को खड़ा कर सकेंगे। मेयर विकास शर्मा का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण की सभी बाधाओं को दूर कर दिया गया है।