बीते 21 नवंबर से लापता बच्चे रेहानुल्हक उर्फ हनी (11) का शव बरामद करते हुए पुलिस ने प्रकरण का पटाक्षेप कर दिया है। मामले में बच्चे के ट्यूटर और उसके रिश्तेदार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ट्यूटर ने पैसों के लालच में गुरु-शिष्य के रिश्ते को कलंकित करते हुए अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर चार लाख की फिरौती मांगने के लिए स्टूडेंट का अपहरण किया, लेकिन बच्चे के शोर मचाने पर डर से उसकी गला घोंटकर हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया। मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बच्चे का कंकाल और उसके कपड़े बरामद कर लिए हैं। खुलासा करने वाली टीम को डीआईजी ने पांच और एसएसपी ने ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। एसएसपी ने एक सिपाही आसिफ को अलग से एक हजार रुपये देने की घोषणा की।
मंगलवार को घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी केवल खुराना ने बताया कि बीते 21 नवंबर को नई बस्ती निवासी एवं मुस्लिम फंड बैंक प्रबंधक इकरामुल्हक का बेटा रेहानुल्हक उर्फ हनी (11) अपने घर के पास से खेलते हुई दोपहर तीन बजे अचानक गायब हो गया था। बच्चे की गुमशुदगी के बाद से पुलिस जांच में जुटी थी। घटना के कुछ दिन बाद ही एक और बच्चा गायब हो गया, जो दूसरे दिन वापस लौटा। उस बच्चे ने बताया कि कुछ लोग उसे बिजनौर ले गए थे, जहां से वह भाग आया।
इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस का सहारा लिया तो रेहानुल्हक को ट्यूशन पढ़ाने वाले रवि कुमार पुत्र गजराज सिंह निवासी हिमालियन कालोनी नजीबाबाद (यूपी) हाल निवासी मौ. भूप सिंह (जसपुर) की फोन कॉल पर संदेह हुआ। पुलिस ने उसे उठाकर सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और आरोप स्वीकार कर लिया। आरोपी रवि ने बताया कि उसने अपने रिश्तेदार उमेश पुत्र राजेशनाथ निवासी मौ. छिपियान जसपुर के साथ मिलकर हनी का अपहरण किया था। दोनों की योजना बच्चे का अपहरण करने के बाद उसके पिता से चार लाख रुपये की फिरौती मांगने की थी।
योजना के तहत वह अपहरण के बाद हनी को जंगल की ओर ले जा रहे थे। लेकिन रेहान जब शोर मचाने लगा तो तब पकड़े जाने के डर से दोनों ने मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। हनी के कपड़े उतारकर शव को एक गुफानुफा दरार में डालकर उसके ऊपर पत्ते और टहनियां डालकर छुपा दिया। इसके बाद कपड़े कुछ दूर ले जाकर कर गड्ढे में दबा दिए। एसएसपी खुराना ने बताया कि सीओ काशीपुर जीसी टम्टा, कोतवाल जसपुर डीआर आर्या, उप निरीक्षक जसपुर योगेश व मदन बिष्ट और सिपाही कुलदीप व आसिफ के साथ अमानगढ़ के जंगल से बच्चे का कंकाल और कपड़े बरामद कर लिए गए हैं।