पंतनगर। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि और भारतीय विवि संघ (एआईयू) की ओर से देश का सबसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक आयोजन ’नार्थ ज़ोन अन्वेषण-2025’ आज से पंतनगर में होगा। इसका उद्घाटन मंगलवार को गांधी हाल में 10 बजे होगा। इस आयोजन में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से 400 विद्यार्थी अपने नवोन्मेषी विचारों, अनुसंधान मॉडल और तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे।
निदेशक संचार डाॅ. जेपी जायसवाल ने बताया कि उद्घाटन सत्र में कुमाऊं विवि के कुलपति प्रो. डीएस रावत बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे। पंतनगर विवि के कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह चौहान कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम का संचालन नाॅर्थ जोन समन्वयक डाॅ. दीपा विनय और डाॅ. आरएस जादौन कर रहे हैं। कार्यक्रम के तहत सुबह नौ से 10 बजे तक पंजीकरण के बाद दीप प्रज्ज्वलन, राष्ट्रगान, विवि गीत, अतिथियों का स्वागत, अन्वेषण और एआईयू का परिचय और विशिष्ट अतिथियों का संबोधन होगा।
बताया कि कार्यक्रम में बड़े पैमाने पर प्रतिभागिता, उच्चस्तरीय शैक्षणिक संवाद और युवा नव प्रवर्तकों के मंचन के साथ अन्वेषण-2025 इस वर्ष का सबसे प्रभावशाली और प्रतिष्ठित छात्र शोध आयोजन बनने जा रहा है।