रुद्रपुर। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में बड़ी संख्या में लोग संक्रमित होने के साथ ही जान गंवा रहे हैं। होम आइसोलेट कोरोना संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी जा रही किट में ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर और सैनिटाइजर नदारद है। पिछले साल बांटी गई किट में दवा के साथ ही ये सामान भी संक्रमितों को मुहैया कराया गया था।
वहीं, होम आइसोलेशन किट के नोडल अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना ने बताया कि पिछले साल किट में ऑक्सीमीटर और थर्मामीटर दिया जा रहा था। इस बार नई गाइडलाइन के अनुसार केवल दवाएं और मास्क ही किट में उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
दरअसल जिले में स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में करीब तीन हजार संक्रमित लोग होम आइसोलेट हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन्हें किट दी जा रही है। इस किट में डॉक्सीसायक्लिन, एजिथ्रोमाइसिन, फेक्सोफेनेडाइन हाईड्रोक्लोराइड, डोमिलॉग सहित छह दवाओं के साथ ही विटामिन सी की गोलियां हैं। इसके साथ ही किट में छह सर्जिकल मास्क भी हैं लेकिन इस बार किट में ऑक्सीमीटर और थर्मामीटर नहीं हैं। कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमित व्यक्ति का ऑक्सीजन लेवल गिर रहा है।
ऑक्सीमीटर होने से संक्रमित ऑक्सीजन लेवल चेक कर सकता था। वहीं, बाजार में भारी मांग के चलते ऑक्सीमीटर की किल्लत हो गई है। इधर, लोगों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से बाजार में ऑक्सीमीटर उपलब्ध कराने की मांग की है।