रुद्रपुर बाजार में बगैर मास्क गुजरती महिलाएं।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने कई परिवार उजाड़ दिए हैं। इससे सबक लेने के बजाय लोग फिर से लापरवाही करते नजर आ रहे हैं। रुद्रपुर बाजार में सामाजिक दूरी के नियमों का खुला उल्लंघन हो रहा है। लोग बगैर मास्क पहने बाजार व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर घूम रहे हैं।
बुधवार को रुद्रपुर बाजार में अधिकांश लोग खरीदारी के दौरान सामाजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन और बिना मास्क पहने दिखाई दिए। सरकार की ओर से सप्ताह में पांच दिन बाजार खोलने की ढील मिलने के बाद लोग कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। बाजार खुलने का अभी तीसरा दिन ही हुआ है लेकिन लोगों ने कोरोना गाइडलाइन की अनदेखी शुरू कर दी है। कुछ लोग बाजार में मास्क पहने तो नजर आए, लेकिन मास्क से सही प्रकार से नाक और मुंह को नहीं ढंका गया था। व्यापारी संगठनों की ओर से हमेशा ग्राहक और व्यापारियों को जागरूक करने का दावा किया जाता है लेकिन बाजार में इसके उलट लोग बगैर मास्क और सामाजिक दूरी का उल्लंघन करते हुए दिखाई दे रहे हैं।