काशीपुर। महानगर कांग्रेस की जिलाध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि रोडवेज बस स्टेशन पर यात्रियों के लिए सुविधाएं ना के बराबर हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे।
जिलाध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि लंबे समय से रोडवेज बस स्टेशन को स्थानांतरित करने की चर्चा हो रही है लेकिन अब तक कोई भी स्पष्ट आदेश शासन से नहीं आए हैं। वर्तमान में रोडवेज बस स्टेशन की टूटी चहारदीवारी और क्षतिग्रस्त शौचालय, जर्जर बस स्टेशन से किसी भी समय कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने कहा कि रोडवेज परिसर के अंदर बरसात में जलभराव होने से यात्रियों को दिक्कत होती है। वर्तमान में केवल रोडवेज बस स्टेशन में 25 फीसदी नियमित कर्मचारी हैं और 75 फीसदी आउटसोर्सिंग एजेंसी के कर्मचारी कार्य कर रहे हैं। उन्होंने काशीपुर से गदरपुर होते हुए सिरसा, हरियाणा तक की बस सेवा और काशीपुर से सीधे यूपी की औद्योगिक नगरी कानपुर के लिए भी बस सेवा की भी मांग की है।