शनिवार रात मेट्रोपोलिस मॉल की पार्किंग से चोरी हुई कार का पुलिस दूसरे दिन भी सुराग नहीं लगा पाई। पार्किंग में लगे कैमरों की फुटेज में खराबी होने के कारण कामयाबी नहीं मिली, लेकिन वेव सिनेमा के सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध बाइक सवार के दिखने पर अब उसकी तलाश में जुटी है।
बता दें घोड़ानाला बिंदुखत्ता जिला नैनीताल निवासी प्रकाश चंद्र जोशी शनिवार रात मेट्रोपोलिस मॉल के वेब सिनेमा में मूवी देखने पहुंचा। इस बीच पार्किंग में खड़ी उसकी वैगनार कार चोरी हो गई। पूछताछ करने पर सुरक्षा कर्मी बस इतना ही बता पाए कि 11.38 पर कार पार्किंग से निकाली गई। सूचना पर पहुंची सिडकुल चौकी पुलिस ने जब छानबीन के लिए पार्किंग में लगे तीन सीसीटीवी कैमरों को देखा तो एक भी कैमरा सही ना होने के कारण कोई जानकारी नहीं मिली।
बताया जा रहा है कि कार स्वामी प्रकाश से मूवी देखने के दौरान चाबी खो गई थी, लेकिन सवाल यह उठता है कि चाबी चोरों के पास कैसे पहुंची। इधर इस मामले में मेट्रोपोलिस मॉल के प्रबंधक देवीलाल का कहना है कि कार स्वामी ने पार्किंग की पर्ची कार में ही रख दी थी। शायद इसी का फायदा चोरों ने उठाया। पार्किंग के कैमरे दुरुस्त हैं, लेकिन रिकार्डिंग करने वाली एक डीवीआर की हार्ड डिस्क खराब है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे युवक पर संदेह है।
सीसीटीवी सुरक्षा के लिए हैं या भ्रम के लिए
मॉल के गेट से पार्किंग तक चार सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन इनकी डीवीआर में खराबी है, जिससे फुटेज रिकार्ड नहीं हो पा रही है। अगर एंट्री गेट और पार्किंग में लगे कैमरे दुरुस्त होते तो संदिग्ध युवक की पहचान आसानी से हो सकती थी।