रुद्रपुर। प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पत्रिका फेम इंडिया ने सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026 विशेषांक प्रकाशित किया है। इसमें डीएम नितिन सिंह भदौरिया को देशभर के शीर्ष पांच जिलाधिकारियों में स्थान मिला है। उन्हें जिम्मेदार श्रेणी में प्रथम स्थान प्रदान किया गया है।
डीएम नितिन सिंह भदौरिया को उनकी संवेदनशील कार्यशैली और सुशासन के उल्लेखनीय कार्यों को राष्ट्रीय सम्मान मिला है। देशभर के 50 सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारियों में उनका चयन हुआ है। फेम इंडिया ने लगभग 800 जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों का मूल्यांकन किया। इसमें प्रशासनिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और जवाबदेही जैसे मानक शामिल थे। दूरदर्शिता, नवाचार और त्वरित निर्णय क्षमता का भी आंकलन किया गया। संकट प्रबंधन कौशल और जनहित के प्रति संवेदनशीलता भी महत्वपूर्ण थी।
जनपद की प्रमुख उपलब्धियां
नितिन सिंह भदौरिया के नेतृत्व में जनपद में कई विकासपरक योजनाएं लागू हुईं। शिकायतों का त्वरित निस्तारण और पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित किया गया। नवाचार आधारित कार्यप्रणाली और जनभागीदारी को बढ़ावा मिला है। पीएम जनमन योजना के लिए जनपद को भारत के राष्ट्रपति की ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला जनपद सम्मान मिला। जनपद को उत्कृष्ट कार्यों के लिए दो रजत पदक भी प्राप्त हुए हैं।