रिचा फैक्ट्री में श्रमिकों और अधिकारियों में मारपीट की तीन घटनाओं में नौ नामजद सहित 50-60 अज्ञात के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज हुआ है।
फैक्ट्री के प्लांट हेड पीयूष कश्यप ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में कहा कि आठ फरवरी को योगेश पांडे निवासी कुमाऊं कालोनी, शिव, दीपक निवासी गौशाला फैक्ट्री के गेट को तोड़कर फैक्ट्री के अंदर घुसे। सुरक्षा गार्डों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और उनको जान से मारने की धमकी दी।
दूसरे मुकदमे में मेंटीनेंस हेड राकेेश कोरी, प्लांट हेड पीयूष कश्यप ने दर्ज रिपोर्ट में कहा कि नौ फरवरी को जीतेंद्र, प्रकाश चंद्र, मुकेश राठोर, चंदन 50-60 लोगों के साथ फैक्ट्री में घुसे। दोनों ने रोकने की कोशिश की तो उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। उधर, तीसरे मुकदमे में मारपीट में घायल श्रमिक जीतेंद्र की पत्नी मीनू सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में कहा कि आठ फरवरी को प्लांट हेड पीयूष कश्यप और मेंटीनेंस हेड राकेश कोरी ने उसके पति जीतेंद्र को बिना वजह मारपीट कर घायल कर दिया। इससे उनके सिर में गहरी चोट आई है। उनको काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस तीनों मुकदमे की जांच कर रही है।