फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एनएचएम कर्मी हड़ताल पर गए, आउटसोर्स वालों ने ड्यूटी की

विज्ञापन
विज्ञापन
रुद्रपुर/गदरपुर/बाजपुर/काशीपुर। नौ सूत्री मांगों की अनदेखी से आहत एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) कर्मचारी मंगलवार से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर चले गए। लेकिन इस हड़ताल में एनएचएम कर्मियों को आउटसोर्स कर्मियों का सहयोग नहीं मिला। स्वास्थ्य विभाग की ओर नौकरी से निकाले जाने की चेतावनी पर आउटसोर्स कर्मी दोपहर बाद ड्यूटी पर लौट आए।
विज्ञापन

स्वास्थ्य विभाग में संविदा और आउटसोर्स से कार्यरत कर्मचारी नौ सूत्री मांगों के लिए बीते शुक्रवार से बांह पर काला फीता बांधकर ड्यूटी कर रहे थे। चार दिन बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर मंगलवार को पांचवें दिन कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। इससे जिला सर्विलांस यूनिट कार्यालय, आरबीएसके कार्यालय, डाटा मैनेजर कक्ष, एनसीडी सेल आदि कार्यालयों में सन्नाटा पसरा रहा। अफरातफरी के बीच स्वास्थ्य विभाग के कंट्रोल रूम में पीडब्लूडी और उद्यान विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगवानी पड़ी।
इधर, सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल ने दोटूक कहा कि यदि आउटसोर्स से भर्ती कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं आते हैं तो मुख्यालय की ओर से उन्हें नौकरी से हटाने के निर्देश हैं। इसकी भनक लगते ही उपनल और एवीएसएम कंपनी के माध्यम से भर्ती आउटसोर्स कर्मचारी दोपहर बाद ड्यूटी पर लौट आए। सभी ने सीएमओ कार्यालय में उपस्थिति रजिस्टर में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
विज्ञापन

इसके बाद कामकाज शुरू हो सका लेकिन एनएचएम कर्मियों के कार्य बहिष्कार के चलते सीएमओ कार्यालय और जिला अस्पताल में विभिन्न विभागीय कार्यों के साथ ही सैंपलिंग, टीकाकरण आदि कार्य प्रभावित रहे।
वहीं, गदरपुर में भी एनएचएम के तहत संविदा पर तैनात कर्मचारी और डॉक्टर दो जून तक होम आइसोलेशन में चले गए। एनएचएम संगठन के गदरपुर ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. उपेंद्र रावत ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी के निर्देशानुसार वे लोग होम आइसोलेशन में रहेंगे।
उधर, बाजपुर में 35 एनएचएम कर्मचारी दो दिन के लिए होम आइसोलेट हो गए, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रही। इधर सीएमएस डॉ. पंकज माथुर ने बताया कि कार्यों के प्रभावित होने पर अन्य इकाइयों से कर्मचारियों को बुलाकर कार्य सुचारु कराया गया। बुधवार को भी इसी तरह कार्य कराया जाएगा। उधर, काशीपुर में भी एनएचएम कर्मचारी मंगलवार से होम आइसोलेशन में चले गए हैं। एनएचएम संगठन के दीपक जोशी ने मांगों समर्थन में सीएमओ को पत्र भी भेजा। (संवाद)
स्वास्थ्य कर्मियों में नजर आई सांगठनिक कमजोरी
रुद्रपुर। अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों में सांगठनिक कमजोरी नजर आई। उनकी इसी कमी का फायदा उठाते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों का आंदोलन कमजोर करने में सफल रहे। नौकरी जाने के डर से आउटसोर्स कर्मी इस हड़ताल से अलग होकर ड्यूटी पर लौट लाए। साथ ही कुछ संविदा कर्मी हड़ताल के दौरान प्रबंधन के साथ खड़े नजर आए। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें