रुद्रपुर। नौ सूत्री मांगों को लेकर चार दिनों से बांह पर काला फीता बांधकर ड्यूूटी कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों ने मांग पूरी ना होने से मंगलवार से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का एलान कर दिया। उन्होंने सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल और प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस सामंत को ज्ञापन दिया।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत जिले में तैनात 437 कर्मचारी संविदा पर तैनात हैं। बीते शुक्रवार से एनएचएम कर्मी मांगों को लेकर बांह पर काला फीता बांधकर ड्यूटी कर रहे थे। लेकिन सोमवार दोपहर बाद तक उनके पक्ष में कोई सकारात्मक निर्णय नहीं आने पर एनएचएम कर्मी भड़क गए।
उन्होंने कहा कि सैंपलिंग, टीकाकरण और कोविड ड्यूटी जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के बावजूद एनएचएम कर्मियों की उपेक्षा की जा रही है। विरोध स्वरूप उन्होंने मंगलवार से होम आइसोलेशन में रहने का निर्णय लेते हुए अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का एलान कर दिया।
सीएमओ को ज्ञापन देने वालों में चांद मियां, जावेद अहमद, तौफीक, ए. नसीम, डीएस भंडारी, मनोज आर्या, संजय पांडेय, पूरन मल आदि थे। इधर, जिला अस्पताल में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को ज्ञापन देने वालों में बबीता सामंत, पिंकी बोरा, अंशुल टंडन, डॉ. अजयवीर सिंह चौहान, भैरव दत्त, संजय रावत आदि थे।
एनएचएम कर्मियों का होम आइसोलेशन में रहने का एलान
काशीपुर/गदरपुर/खटीमा। नौ सूत्री मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन ने सरकारी अस्पताल के सीएमएस को मांग पत्र सौंपा है। उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में एक और दो जून को होम आइसोलेशन पर जाने की चेतावनी है।
सोमवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारियों एएनएम, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, परामर्शदाता, आशा कॉर्डिनेटर आदि ने एलडी भट्ट सरकारी अस्पताल में सीएमएस को ज्ञापन सौंपा।
संगठन ने सेवा के दौरान मृत्यु होने पर मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता और एक सदस्य की नियुक्ति देने, कर्मचारियों का सामूहिक स्वास्थ्य बीमा कराने, गोल्डन कार्ड सुविधा, वेतन विसंगति दूर करने, संविदा के स्थान पर नियमित पदों का सृजन करने, आउटसोर्स के माध्यम नियुक्ति संबंधी आदेश को निरस्त करने, ढांचागत पदों की नियुक्ति में कर्मियों को प्राथमिकता, वार्षिक वेतन वृद्धि पांच से बढ़ाकर 10 प्रतिशत करने आदि का शीघ्र निरस्तारण करने की मांग की।
ऐसा नहीं करने पर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करने की चेतावनी दी। ज्ञापन देने वाले दीपक जोशी, मीनू, प्रशांत, राममोहन, दिलशाद, हिमानी, कविता, रेखा, सरिता, प्रियंका, नीतू, सोनिया आदि थे।
उधर, गदरपुर में एनएचएम कर्मियों ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन देकर मंगलवार से होम आइसोलेशन में रहने घोषणा की। संविदा कर्मियों ने डॉ. विकास सचान के साथ प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ संजीव सरना को ज्ञापन देते हुए मांगें पूरी नहीं होने पर दो जून तक होम आइसोलेशन में रहने का एलान किया। वहां डॉ. रेखा, डॉ. कल्पना पांडेय, डॉ. उपेंद्र रावत, डॉ प्रशांत चौहान, फार्मासिस्ट अतीश कालड़ा, किरन जोशी केएन जोशी, रिजवान अहमद, राहुल श्रीवास्तव, धर्मेंद्र थे।
इधर, खटीमा में एनएचएम संघ के अध्यक्ष डॉ. रितेश त्रिपाठी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊधमसिंह नगर को ज्ञापन भेजकर कहा कि सरकार की ओर से कर्मचारियों के हित में कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं किए जाने से कर्मचारी आहत है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी मांगों को लेकर दूसरे चरण में प्रस्तावित एक और दो जून को होम आइसोलेशन में जाने को विवश हो रहे हैं।
कर्मचारियों के होम आइसोलेशन में जाने से जनता को परेशानी न हो, इसके लिए अन्य वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की। वहां डॉ. संदीप मिश्रा, डॉ. देश दीपक गौड़, डॉ. मनुश्रवा, डॉ. शैलेजा त्रिपाठी, नर्स नूपुर, कविता, नेहा, सोनम राणा, संगीता जोशी आदि थे। (संवाद)